काशीपुर। नगर के महाराजा अग्रसेन पार्क में चल रही सप्तदिवसीय संगीतमय श्रीरामकथा के दूसरे दिन अयोध्या धाम से पधारे कथा व्यास पूज्य श्री गोपालानंद जी महाराज ने श्रीराम चरितमानस के विभिन्न प्रसंगों के साथ भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का मार्मिक वर्णन किया। कथा के दौरान शिव-पार्वती विवाह का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।कथा व्यास ने बताया कि भगवान भोलेनाथ जब देवताओं गणों के साथ बारात लेकर महाराज हिमाचल के घर पहुंचे तो उनके स्वरूप को देखकर माता पार्वती की मां महारानी मैना अपनी सुध-बुध खो बैठीं। उन्होंने इस विवाह के लिए देवर्षि नारद को भी भला-बुरा कहा। बाद में नारद जी ने उन्हें समझाकर शांत किया, जिसके बाद भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ।उन्होंने कहा कि भगवान शिव श्रीरामकथा के परम भक्त हैं। शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का श्रद्धापूर्वक श्रवण करने से परिवार में विवाह संबंधी बाधाएं दूर होती हैं और सुख-शांति का वातावरण बनता है। भारी बारिश के बावजूद कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुंचे। इनमें रामकुमार , अविनाश तिवारी, वेदप्रकाश सिंह, डॉ- महेश अग्निहोत्री, केके अग्रवाल एडवोकेट, अशोक कुमार अग्रवाल (पगिया), शंभूनाथ अग्रवाल, ओपी सिंह चौहान, राजपाल, सुभाषचंद्र शर्मा, अशोक धीमान, महीपाल सिंह, हेमंत भट्ट, इंजीनियर दुलार सिंह, विनोद कुमार श्रीवास्तव और जयनंदन प्रसाद शर्मा समेत अनेक श्रद्धालु शामिल रहे।कथा का संचालन अयोध्या धाम से पधारे श्री मनोहर लाल ने किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से कथा प्रारंभ होने से 3 बजे से पांच मिनट पहले कथा स्थल पर पहुंचने का आग्रह किया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
