काशीपुर। ग्राम बैलजूड़ी, जसपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ- यूनुस चौधरी को उत्तराखंड सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। 23 सितंबर 2026 को जारी शासनादेश के तहत उन्हें उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद का उपाध्यक्ष नामित किया गया है। नियुक्ति के बाद क्षेत्र में समर्थकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। डॉ- यूनुस चौधरी पुत्र स्व- मो- यूसुफ चौधरी, निवासी ग्राम बैलजूड़ी, पोस्ट कुण्डा, जसपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से परिषद के उपाध्यक्ष पद पर नामित किया गया है। आदेश संयुक्त सचिव आलोक कुमार सिंह की ओर से जारी किया गया है। शासनादेश में उन्हें 25 अप्रैल 2025 के शासनादेश के अनुसार निर्धारित सुविधाएं प्रदान किए जाने का उल्लेख है। डॉ- यूनुस चौधरी की नियुक्ति के साथ उन्हें राज्यमंत्री का दर्जा मिलने की जानकारी भी सामने आई है। परिषद का उद्देश्य अल्पसंख्यक समाज के युवाओं एवं महिलाओं को कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ- यूनुस चौधरी ने कहा कि पार्टी और सरकार ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के युवाओं एवं महिलाओं को हुनर, प्रशिक्षण और रोजगार से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। नियुक्ति पर काशीपुर-जसपुर क्षेत्र में समर्थकों ने डॉ- यूनुस चौधरी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
