हल्द्वानी में सीएम धामी ने साधे दो मोर्चे, रेलवे अतिक्रमण पर दो टूक और 2027 के लिए कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हल्द्वानी दौरे के दौरान एक ओर बहुचर्चित बनभूलपुरा रेलवे अतिक्रमण मामले पर सरकार का रुख स्पष्ट किया, वहीं दूसरी ओर विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर भाजपा कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पूरी तैयारी के साथ जुटने का आह्वान किया। मीडिया से बातचीत के दौरान रेलवे अतिक्रमण को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जहां अतिक्रमण है, वहां उसे हटाकर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया जाना चाहिए, ताकि रेलवे से जुड़े विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस मामले में राज्य सरकार की ओर से अपना पक्ष पहले ही न्यायालय के समक्ष रखा जा चुका है और सरकार की ओर से जो भी तथ्य एवं पक्ष प्रस्तुत किया जाना आवश्यक था, उसे अदालत के सामने रखा गया है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बनभूलपुरा क्षेत्र में हुआ अतिक्रमण समाजवादी और कांग्रेस जैसी पार्टियों की तुष्टिकरण एवं वोट बैंक की राजनीति से जुड़ा रहा है और इसी कारण वहां इस तरह की स्थिति पैदा हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यसमिति का आयोजन संगठन के लिए आत्ममंथन करने, पिछले कार्यों की समीक्षा करने और भविष्य की रणनीति तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है तथा अब इसी उत्साह को आगामी चुनाव की तैयारियों में लगाना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना मात्र नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा और देश को समृद्ध एवं सशक्त बनाने की दिशा में काम करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई, तीन तलाक की समाप्ति और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण को महत्वपूर्ण उपलब्धियों के रूप में गिनाया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है, चारधाम ऑलवेदर रोड से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है और होम स्टे तथा पर्यटन से जुड़े प्रयासों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया गया है और उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना जिसने समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी लागू की। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश की सत्ता में रहते हुए घोटालों और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया तथा समाज को विभाजित करने की राजनीति की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने का संकल्प व्यक्त किया था और राज्य सरकार उसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री धामी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि वर्ष 2027 का लक्ष्य स्पष्ट है और भाजपा को एक बार फिर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में लाना है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment