पिरान कलियर में दरगाह परिसर से वायुसेना अधिकारी का बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पिरान कलियर। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के पिरान कलियर स्थित दरगाह साबिर पाक परिसर से भारतीय वायुसेना में तैनात एक अधिकारी का 27 वर्षीय बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। युवक के लापता होने से परिवार में चिंता का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दरगाह परिसर से युवक का एक लावारिस काला बैग मिला था, जिसमें लैपटॉप, पासपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने बैग उसके पिता को सौंप दिया है।जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी शंकर सिंह भारतीय वायुसेना में मास्टर वारंट ऑफिसर के पद पर तैनात हैं और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल के बागडोगरा में है। उनका 27 वर्षीय बेटा सत्यम एक निजी विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर के पद पर कार्यरत था, लेकिन परिजनों के मुताबिक उसने करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी छोड़ दी थी। बताया गया है कि सत्यम काफी समय से अपने पिता के संपर्क में भी नहीं था और दोनों के बीच बातचीत बंद थी। ऐसे में उसका अचानक लापता होना परिजनों की चिंता बढ़ा रहा है।पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को दरगाह परिसर में लावारिस हालत में एक काला बैग मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान बैग में लैपटॉप, पासपोर्ट और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले, जिनके आधार पर उसकी पहचान सत्यम से जुड़ी होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने इसकी जानकारी उसके पिता को दी। इसके बाद 18 अक्टूबर को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर बैग उन्हें सौंप दिया गया। पिता की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ अन्य माध्यमों से सत्यम की तलाश में जुटी है। युवक किन परिस्थितियों में लापता हुआ और उसके दरगाह परिसर तक पहुंचने के पीछे क्या कारण रहे, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवक का पता लगाने के लिए प्रयास जारी हैं।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment