काशीपुर। पुलिस को शिकायती पत्र देकर आजाद समाज पार्टी के जिला प्रभारी एवं अहरपुरा वार्ड निवासी अमंतपाल अम्बेडकर ने अपनी फ्रलैक्सी फाड़ने और सोशल मीडिया पर गाली-गलौज व अभद्र टिप्पणियां कर उनकी सामाजिक छवि खराब करने का आरोप लगाया है। शिकायत में अमंतपाल अम्बेडकर ने बताया कि कुछ अज्ञात एवं संबंधित व्यक्तियों ने जानबूझकर उनकी फ्रलैक्सी फाड़ दी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर उनके नाम को लेकर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। उनका आरोप है कि इन गतिविधियों के जरिए उनकी मान-प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और सामाजिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणियों के स्क्रीनशॉट उनके पास साक्ष्य के रूप में सुरक्षित हैं। उन्होंने पुलिस से फ्रलैक्सी फाड़ने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने, सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वालों की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष संजय सिंह, महानगर अध्यक्ष डॉ- एमए राहुल सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। गौरतलब है कि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद का आगामी 3 नवंबर को महुआखेड़ागंज आगमन प्रस्तावित है। यहां वह एक बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन से पहले फ्रलैक्सी फाड़ने और सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणियों का मामला सामने आने से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
