काशीपुर के विकास को मिलेगी गति, सीएम धामी से मिले महापौर दीपक बाली

काशीपुर।काशीपुर के विकास कार्यों को गति देने और शहर की प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए महापौर दीपक बाली ने देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री **पुष्कर सिंह धामी** से मुलाकात की। इस दौरान महापौर ने काशीपुर के लिए 800 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी ड्रेनेज प्लान को मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना के धरातल पर उतरने से शहर में जलभराव और जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा। मुलाकात के दौरान महापौर ने काशीपुर से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं और स्थानीय समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित योजनाओं के लिए धनराशि अवमुक्त करने के संबंध में शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए हैं। महापौर ने 49 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित एकीकृत प्रशासनिक ब्लॉक और 32 करोड़ रुपये की लागत से गिरीताल झील के सौंदर्यीकरण परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति दिए जाने पर भी मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की वित्तीय स्वीकृति जल्द जारी करने का अनुरोध किया। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ड्रेनेज प्लान, प्रशासनिक ब्लॉक और गिरीताल सौंदर्यीकरण परियोजनाओं के शिलान्यास के लिए काशीपुर आने का निमंत्रण दिया। महापौर ने शहर के विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए भू-उपयोग उच्चीकरण शुल्क कम करने और काशीपुर का मास्टर प्लान जल्द लागू करने की मांग की। मुख्यमंत्री ने भू-उपयोग शुल्क कम करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा महापौर ने काशीपुर बार एसोसिएशन की मांग का समर्थन करते हुए शहर में विशेष एनडीपीएस न्यायालय स्थापित किए जाने का आग्रह किया। महापौर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री के समक्ष रखे गए विकास संबंधी प्रस्तावों से काशीपुर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और शहर की समस्याओं के समाधान को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment