काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने के लिए जसपुर और काशीपुर विधानसभा क्षेत्र से लगभग 500 भाजपा कार्यकर्ता रवाना हुए। उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक हुनर परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. यूनुस चौधरी ने 25 कारों और दो बसों के काफिले को हरी झंडी दिखाकर रुद्रपुर के लिए रवाना किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाकर सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रहा है, जबकि भाजपा सरकार विकास और जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता को सरकार की नीतियों और विकास कार्यों की वास्तविक जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार से बचा जा सके। डॉ. चौधरी ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के माध्यम से प्रदेश की जनता तक विकास, सुशासन और जनकल्याण का संदेश पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि राजनीतिक दल जनता के हितों को प्राथमिकता दें और प्रदेश के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के लिए प्रयास करें। उन्होंने कहा कि जनसेवा और विकास ही राजनीति का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
