रुद्रपुर। कांग्रेस के कथित झूठे नैरेटिव का जवाब देने और जनजागरण के उद्देश्य से भाजपा की ओर से प्रदेशभर में निकाली जा रही ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के तहत मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर में विशाल पदयात्रा निकाली गई। इसमें हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। जोश और उत्साह के बीच निकली पदयात्रा के दौरान शहर जय श्रीराम और मुख्यमंत्री धामी जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा। कई स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।पदयात्रा से पूर्व गांधी पार्क में विशाल जनसभा आयोजित हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, मंत्रियों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों समेत कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा शुरू की। गांधी पार्क से बाटा चौक, मुख्य बाजार, भगत सिंह चौक, अग्रवाल धर्मशाला मार्ग, काशीपुर बाईपास और अग्रसेन चौक होते हुए पदयात्रा पुनः गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लिए कार्यकर्ता लगातार नारेबाजी करते रहे। पूरे मार्ग पर लोगों की भीड़ जुटी रही।इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी जनता के बीच कथित भ्रम और झूठ फैलाने का प्रयास कर रही है। पदयात्रा के माध्यम से भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने के साथ ही सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी जनसभा और पदयात्रा के दौरान कांग्रेस पर हमला बोला। पदयात्रा में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, सौरभ बहुगुणा, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, श्रीपाल राणा, जिलाध्यक्ष कमल कुमार जिंदल, मनोज पाल, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, अरविंद पांडेय, मेयर विकास शर्मा, दीपक बाली, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, गुंजन सुखीजा, राजेश शुक्ला, डॉ. प्रेम सिंह राणा, डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, राजेश कुमार, खिलेंद्र चौधरी, संकेत अग्रवाल, पुष्कर काला, भारत भूषण चुघ, गुरबिंदर सिंह चंदोक, विनय रुहेला, बलराज पासी, उत्तम दत्ता, रामपाल सिंह, सुरेश कोली, गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह बिष्ट, रजित सिंह नामधारी, खतीब अहमद, संजय बछाड़, मनजीत राजू, सीमा चौहान, प्रीत ग्रोवर और परविंद्र विर्क सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
