दीपावली मनाने दोस्तों के साथ गया 10वीं का छात्र, साथियों ने पीट-पीटकर की हत्या, दून अस्पताल की मोर्चरी में शव छोड़कर फरार हुए आरोपी

देहरादून। राजधानी देहरादून में हत्या की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। दीपावली के त्योहार के बीच बसंत विहार थाना क्षेत्र में एक और व्यक्ति की हत्या की सूचना सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वहीं, एक अन्य सनसनीखेज घटना में दोस्तों के साथ दीपावली मनाने गए 15 वर्षीय दसवीं के छात्र अर्श अंसारी की उसके ही साथियों ने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी छात्र के शव को दून अस्पताल की मोर्चरी में छोड़कर फरार हो गए। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार सहस्रधारा रोड स्थित केवल विहार निवासी नदीम अंसारी का पुत्र अर्श एक निजी स्कूल में कक्षा 10 का छात्र था। दीपावली के अवसर पर उसके कुछ दोस्तों ने उसे नेहरू कॉलोनी स्थित एक घर पर बुलाया था। रात के समय जब परिजनों ने फोन कर अर्श के बारे में जानकारी ली तो उसने बताया कि वह दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद पटाखे फोड़ रहा है। इसके बाद अर्श के साथी उसे अपने साथ सूरी चौक ले गए। आरोप है कि वहां एक कार का दरवाजा बंद करते समय अर्श के एक दोस्त के पैर में चोट लग गई, जिसको लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और उसके साथियों ने अर्श के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट इतनी गंभीर थी कि अर्श की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी उसके शव को दून अस्पताल लेकर पहुंचे और मोर्चरी में छोड़कर वहां से फरार हो गए। सोमवार सुबह जब परिजनों को इस घटना की जानकारी मिली तो परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने के दौरान मृतक के शरीर पर चोटों के कई निशान पाए, जिससे मारपीट की गंभीरता का पता चला। मामले में मृतक के पिता नदीम अंसारी की तहरीर पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने एक किशोर के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। डालनवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसाईं ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों की भूमिका, विवाद के कारण और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने दीपावली की खुशियों के बीच एक परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment