काशीपुर। शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक भाजपा नेता के घर में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना में लाखो रुपये के नुकसान का अनुमान है। गनीमत रही कि आग लगने के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर खड़कपुर देवीपुरा निवासी भाजपा नेता राहुल खन्ना घर से बाहर थे। इसी दौरान पड़ोसी ने फोन कर घर में आग लगने की सूचना दी। जब तक वह मौके पर पहुंचे, आग पूरे घर को अपनी चपेट में ले चुकी थी। घर से धुएं के गुबार उठते देख मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। आग में दो बाइक, डबल बेड, सोफा सेट, वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, फ्रिज, अलमारी, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सोने के जेवर और नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। राहुल खन्ना के अनुसार, करीब आठ से नौ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। सूचना पर तहसीलदार पंकज चंदोला मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग लगने के सही कारणों की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।



संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
