काशीपुर। पुलिस ने पत्नी और दो बच्चों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने के आरोपी को गिरफ्रतार कर लिया है। आरोपी सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खून से सनी खुखरी, कार और पीड़िता व बच्चों के सामान से भरे दो बैग बरामद किए हैं। आईटीआई कोतवाली में उक्त मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी ने बताया कि खड़कपुर देवीपुरा निवासी सचिन कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 18 नवंबर की रात करीब नौ बजे वह बरेली से काशीपुर पहुंचे तो पत्नी का फोन आया। उसने संजय द्वारा खुद और बच्चों पर हमला किए जाने की जानकारी दी। घर पहुंचने पर मुख्य गेट से लेकर कमरों तक खून बिखरा मिला। किरायेदारों ने बताया कि चीख-पुकार सुनकर बाहर आए तो महिला और बच्चे घायल अवस्था में थे। एक व्यक्ति उन्हें दो बैगों सहित कार में बैठाकर ले गया था।पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से तलाश की तो महिला और दोनों बच्चे केवीआर अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती मिले। उन्हें अस्पताल पहुंचाने वाला संजय कुमार निवासी डिलारी, जिला मुरादाबाद भी वहां मौजूद था। घायलों ने पुलिस को बताया कि संजय ने घर में घुसकर अपने साथ चलने का दबाव बनाया और विरोध करने पर खुखरी से हमला कर दिया। हमले में महिला की गर्दन तथा बच्चों के मुंह, गर्दन और उंगलियों पर गंभीर चोटें आईं। हालत गंभीर होने पर तीनों को हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सचिन से उसका रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद था। वहीं सचिन की पत्नी रिंकी से उसकी नजदीकियां बढ़ गई थीं। मई 2026 में दोनों ने लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीकरण भी कराया था, लेकिन रिंकी उसके साथ जाने को तैयार नहीं थी। इसी नाराजगी में उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सचिन की तहरीर पर मुकदमा संख्या 467/26 धारा 109(1), 332(सी), 351(3) बीएनएस के तहत दर्ज किया था। आरोपी की निशानदेही पर खून से सनी खुखरी, क्विड कार संख्या यूपी 12 एएस 7834, महिला और बच्चों के कपड़ों व दस्तावेजों से भरे दो बैग तथा आभूषण बरामद किए गए। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी कर आरोपी को गिरफ्रतार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद बहुगुणा, उपनिरीक्षक बसंत पंत, हरविंदर कुमार, अपर उपनिरीक्षक दीपक चौहान तथा कांस्टेबल दीपक जोशी, रमेश बंग्याल, धर्मेंद्र भारती और सिराज हुसैन रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
