रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार, 21 नवंबर 2026 को निदेशक कुमाऊं मंडल डॉ. के.के. अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने निदेशक कुमाऊं का स्वागत करते हुए उन्हें जनपद में संचालित समस्त राष्ट्रीय कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। समीक्षा बैठक में निदेशक डॉ. अग्रवाल ने टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को डीप फ्रीजर एवं आइस लाइन्ड रेफ्रिजरेटर (आईएलआर) के तापमान की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा प्रतिदिन तापमान की जांच कर उसकी रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीकों की गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था का सही तरीके से संचालन आवश्यक है। इसके साथ ही खराब पड़े डीप फ्रीजर और आईएलआर की तत्काल मरम्मत कराने तथा मरम्मत योग्य नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार उनके निस्तारण की कार्रवाई करने को कहा। सभी चिकित्सा इकाइयों में रेफ्रिजरेटर मैकेनिक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उपकरणों में खराबी आने पर समय रहते आवश्यक सुधार किया जा सके। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। निदेशक ने गर्भवती महिलाओं की एएनसी (प्रसव पूर्व जांच) शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और आशा कार्यकर्ताओं के स्तर पर नियमित जांच एवं निगरानी को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया, जिससे गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। इसके अलावा हाई रिस्क डिलीवरी के मामलों में समय पर और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए गायनी विशेषज्ञ के साथ सर्जन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जटिल प्रसव की स्थिति में मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा तत्काल मिल सके। वहीं गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनसीडी) की समीक्षा करते हुए उन्होंने अस्पतालों में आने वाले कुल बाह्य रोगियों (ओपीडी) में से कम से कम 30 प्रतिशत मरीजों की एनसीडी स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में दिए गए सभी निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी पर जोर दिया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी ने बताया कि समीक्षा बैठक में निदेशक कुमाऊं द्वारा दिए गए निर्देशों का तत्काल प्रभाव से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा तथा जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं और राष्ट्रीय कार्यक्रमों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
