काशीपुर। रम्पुरा क्षेत्र में बीती रात 25 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, पूर्व में लिंग परीक्षण कराकर गर्भपात कराने और बेटी को जन्म देने के बाद उसकी हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के अहमदनगर, थाना स्वार निवासी मंजीत कौर (25) की शादी करीब दो साल पहले काशीपुर के रम्पुरा निवासी अमित सिंह के साथ हुई थी। अमित क्षेत्र में छोटी दुकान चलाता है। बताया गया कि सोमवार रात मंजीत कौर की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।आज मंगलवार सुबह मृतका के भाई संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष लड़की के जन्म के खिलाफ था। करीब एक साल पहले गर्भवती होने पर लिंग परीक्षण कराने के बाद कथित तौर पर मंजीत का गर्भपात करा दिया गया था।मायके पक्ष के मुताबिक, मंजीत दोबारा गर्भवती थी। सोमवार रात अस्पताल ले जाकर प्रसव कराने के बजाय घर पर ही उसकी डिलीवरी कराई गई। आरोप है कि बच्ची के जन्म के बाद मंजीत की हत्या कर दी गई। हालांकि, नवजात बच्ची सुरक्षित बताई जा रही है।सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं और मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
