काशीपुर। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर काशीपुर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। सुबह से ही गुरुद्वारों में वाहेगुरु के जयकारे गूंजने लगे और बड़ी संख्या में संगत ने गुरु घर पहुंचकर मत्था टेका।प्रकाश पर्व आयोजन की शुरुआत गुरुद्वारा सिंह सभा कचनालगाजी से निकली भव्य प्रभात फेरी के साथ हुई। कीर्तन और जयकारों के बीच प्रभात फेरी नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब पहुंची। यहां संगत ने अरदास की। प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मुख्य द्वार पर लाल गुलाब के फूलों से बना विशाल चक्र और रंग-बिरंगी फूलों की मालाएं श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। गुरुद्वारा साहिब में विशेष दीवान सजाया गया, जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष कीर्तन और कथा हुई। संगत ने माथा टेककर गुरु चरणों में हाजिरी भरी। प्रभात फेरी के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र सरोवर पहुंचे। यहां संगत ने स्नान कर पाठ और सिमरन किया। इस दौरान सेवादारों ने श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक प्रसाद वितरित किया। पूरे गुरुद्वारा परिसर में सेवा और सत्कार का नजारा देऽने को मिला।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
