काशीपुर। प्रॉपर्टी डीलर अनिल डावर ने मंगलवार को बाजपुर रोड स्थित एक होटल के सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जमीन के एक पुराने विवाद को लेकर अपना पक्ष रखा। इस दौरान उनके साथ श्रीवास्तव और शक्ति अग्रवाल भी मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अनिल डावर ने दावा किया कि 10 जुलाई 2025 को ग्राम धनौरी पट्टी में उन्होंने पुनीत सिंघल और उनकी माता जी से साढ़े तीन एकड़ जमीन खरीदी थी।डावर के अनुसार, तय हुए सौदे के तहत उन्होंने बयाना के रूप में लगभग ढाई करोड़ रुपये बैंक के माध्यम से और नकद दिए थे। उनका कहना है कि मौके पर अमरूद का बाग था, जिसे विक्रेता पक्ष ने तुरंत कटवाकर उन्हें कब्जा दे दिया था। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 में आधी रजिस्ट्री होनी थी, लेकिन दूसरे पक्ष की ओर से टाल-मटोल किया जाता रहा। अनिल डावर ने आरोप लगाया कि अप्रैल 2026 में जब वह रजिस्ट्री के लिए गए तो उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें उनके चार दांत टूट गए। इस मामले में काशीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज है और जांच / कोर्ट में मामला चल रहा है, ऐसा उन्होंने बताया।डावर के अनुसार, दूसरे पक्ष ने उनके खिलाफ कोर्ट में एक आवेदन देकर उन्हें गुंडा-बदमाश बताते हुए जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया था।डावर का दावा है कि 23 तारीख को कोर्ट ने उस आवेदन को गलत मानते हुए खारिज कर दिया और उनके पक्ष में फैसला दिया। कोर्ट ने मौके पर उनका कब्जा माना और यह भी माना कि उन्होंने पैसा दिया हुआ है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में डावर ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले डेढ़-दो महीने से उन्हें धमकाया जा रहा है कि मुकदमा वापस ले लो, नहीं तो अच्छा नहीं होगा, जान से मार देंगे। उन्होंने कहा कि अगर मुझे या मेरे परिवार को कोई हानि होती है तो इसके लिए पुनीत सिंघल पुत्र प्रमोद सिंघल जिम्मेदार होंगे – यह उनका आरोप है।डावर ने बताया कि धमकी को लेकर अभी पुलिस को लिखित सूचना नहीं दी है, लेकिन वकील से बात कर एक-दो दिन में एसएसपी साहब को सूचना देंगे। मारपीट की रिपोर्ट पहले से दर्ज है। पत्रकारों के सवाल पर डावर ने कहा कि विवाद की जड़ जमीन के रेट बढ़ना लगता है, जिससे दूसरे पक्ष की नीयत खराब हो रही है – ऐसा उन्हें लगता है।उन्होंने कहा कि बीच का रास्ता यही है कि सब लोग बैठकर इसे हल करें, बात को समझें, उनकी जमीन दिलाएं और रजिस्ट्री कराएं। खबर लिखे जाने तक दूसरे पक्ष का बयान अभी सामने नहीं आया है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
