देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को बड़ी राहत देते हुए उनकी पेंशन की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की। मुख्यमंत्री ने यह राशि कैंप कार्यालय से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से भेजी, जिससे पात्र लाभार्थियों को समय पर और पारदर्शी तरीके से आर्थिक सहायता मिल सके।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा और बिचौलियों के पहुंचे। डीबीटी व्यवस्था के जरिए पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजे जाने से न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश भी समाप्त हुई है।मुख्यमंत्री ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ हजारों जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा है। सरकार इन योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, ताकि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और निराश्रित महिलाओं को सम्मानजनक जीवन यापन में सहायता मिल सके।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर और बिना किसी परेशानी के मिले। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य व्यक्ति पेंशन योजना से वंचित न रह जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी जनकल्याणकारी योजनाओं को इसी तरह प्रभावी ढंग से लागू किया जाता रहेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
