मुंबई। भारतीय सिनेमा की अमर कृति ‘उमराव जान’ एक बार फिर अपनी कलात्मक छटा से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने के लिए तैयार है। निर्देशक मुजफ्फर अली की इस क्लासिक फिल्म का हाल ही में मुंबई में 4K वर्जन में विशेष प्रदर्शन हुआ था, और अब यह फिल्म भारत से बाहर पहली बार सऊदी अरब के रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में प्रदर्शित की जाएगी। यह फिल्म फेस्टिवल के ‘ट्रेजर्स स्ट्रैंड’ कैटेगरी का हिस्सा होगी, जो विश्व सिनेमा की छह क्लासिक अंतरराष्ट्रीय और अरब फिल्मों को समर्पित है।मुजफ्फर अली स्वयं इस विशेष स्क्रीनिंग में शामिल होंगे, जो फिल्म के इतिहास में एक और गौरवपूर्ण क्षण जोड़ने जा रहा है। यह उपलब्धि फिल्म के रिलीज़ होने के 45 साल बाद हासिल हुई है, जिससे भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर सम्मान मिला है।फिल्म की प्रमुख अभिनेत्री रेखा, जिन्होंने ‘उमराव जान’ में अपनी अभिनय प्रतिभा से दर्शकों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी थी, ने इस अवसर पर गहरी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा, “इस इमोशनल फिल्म को 45 साल बाद एक नया जीवन मिलना और प्रतिष्ठित रेड सी फिल्म फेस्टिवल में नए दर्शकों से जुड़ने का अवसर मिलना बेहद रोमांचक और सार्थक है। ‘उमराव जान’ को मशहूर निर्देशक अल्फ्रेड हिचकॉक की फिल्म के साथ एक ही मंच पर प्रदर्शित होते देखना न केवल एक आशीर्वाद है, बल्कि यह मेरे दिल को गहराई से छूता है।”1981 में रिलीज हुई ‘उमराव जान’ अपनी बेहतरीन कहानी, शायरी, संगीत और रेखा की सशक्त अदाकारी के लिए आज भी भारतीय सिनेमा की क्लासिक फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म का 4K वर्जन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय कला, संस्कृति और भावनाओं की गहराई को एक बार फिर नए सिरे से दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
