उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, कई राज्यों में लू का अलर्ट

नई दिल्ली। उत्तर भारत समेत देश के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का कहर लगातार जारी है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी राहत के संकेत नहीं दिए हैं और आगामी चार से पांच दिनों तक तापमान में और बढ़ोतरी की चेतावनी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी, जहां दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया जा सकता है। विभाग ने विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 24 और 25 अप्रैल को तेज लू चलने की संभावना जताई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 से 25 अप्रैल और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 अप्रैल तक लू का असर बना रहने की आशंका है। राजस्थान में 24 से 26 अप्रैल तक गंभीर हीटवेव की स्थिति रह सकती है, वहीं मध्य प्रदेश में 23 से 26 अप्रैल तक लू का अलर्ट जारी किया गया है। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 24 से 27 अप्रैल तक तापमान में अत्यधिक वृद्धि की संभावना है, जबकि पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में भी 23 अप्रैल को लू चलने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा ओडिशा, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और गुजरात के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरी हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, कोंकण और गोवा जैसे क्षेत्रों में रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहने की संभावना है, जिससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि लगातार बढ़ती गर्मी स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment