भाजपा संगठन में बड़े बदलाव के संकेत, उत्तराखंड के नेताओं को मिल सकती है राष्ट्रीय जिम्मेदारी

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में उत्तराखंड के कई वरिष्ठ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां मिलने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पूर्व मुख्यमंत्री समेत कई अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी जा सकती है। उन्हें या तो केंद्रीय संगठन में स्थान मिल सकता है या फिर विभिन्न राज्यों की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है।इसी बीच भाजपा संगठन में पहला बड़ा बदलाव सामने आया है। पार्टी नेतृत्व ने उत्तराखंड भाजपा के संगठन महामंत्री अजय कुमार को राजस्थान का संगठन महामंत्री नियुक्त कर दिया है। राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।अजय कुमार सितंबर 2019 से उत्तराखंड भाजपा में संगठन महामंत्री के रूप में कार्यरत थे। उनके कार्यकाल में भाजपा ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव, 2024 के लोकसभा चुनाव सहित निकाय और पंचायत चुनावों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। संगठनात्मक मजबूती और चुनावी रणनीति में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना जाता रहा है।राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हालिया तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान अजय कुमार सभी प्रमुख बैठकों और रणनीतिक चर्चाओं का हिस्सा रहे। ऐसे में उनके अचानक राजस्थान भेजे जाने को संगठनात्मक दृष्टि से बड़ा फैसला माना जा रहा है। फिलहाल उनकी जगह उत्तराखंड में नए संगठन महामंत्री की नियुक्ति नहीं की गई है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा संगठन में और भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में उत्तराखंड के कई नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारियां मिलने की संभावनाएं बढ़ गई हैं।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment