दहेज और मेहर विवाद ने छीनी पिता की जान, निकाह से पहले हार्ट अटैक से मौत, खटीमा में बवाल

खटीमा। खटीमा के इस्लामनगर क्षेत्र में रविवार को एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब दहेज और मेहर की रकम को लेकर हुए विवाद के बीच दुल्हन के पिता की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित परिजनों ने दूल्हे समेत कई बारातियों को घेर लिया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि कई बारातियों को जान बचाने के लिए पास के मकानों की छतों से कूदकर भागना पड़ा।जानकारी के अनुसार इस्लामनगर वार्ड नंबर-7 निवासी सादिक ठेकेदार की पुत्री का निकाह बरेली के बड़ा फरीदपुर से आए युवक के साथ होना था। निकाह की रस्म के दौरान मेहर की राशि को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि शादी तय होने के बाद भी दूल्हा पक्ष द्वारा पहले स्कूटी और बाद में अपाचे बाइक तथा एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई।बताया जा रहा है कि निकाह के समय लड़की पक्ष मेहर की राशि पांच लाख रुपये निर्धारित करने पर अड़ा था, जबकि लड़का पक्ष 21 हजार रुपये से अधिक देने को तैयार नहीं था। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर दुल्हन के पिता सादिक की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें हार्ट अटैक आ गया। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।पिता की मौत की खबर मिलते ही माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित लोगों ने दूल्हे, उसके भाई, बहनोई और अन्य बारातियों को घेर लिया तथा उनके साथ मारपीट की। इस दौरान कई बाराती पास के मकानों की छतों से कूदकर भागे, जिससे कुछ लोग घायल भी हो गए और एक मकान की छत का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।विवाद के दौरान मैरिज हॉल में तोड़फोड़ भी हुई और कई कुर्सियां क्षतिग्रस्त कर दी गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने महिलाओं, बच्चों और अन्य बारातियों को सुरक्षित बाहर निकाला।घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। दुल्हन के पिता की मौत की खबर फैलते ही हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस लगातार लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करती रही और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई बार सख्ती भी करनी पड़ी।देर रात तक कोतवाल विजेंद्र शाह और उपनिरीक्षक किशोर पंत की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच वार्ता का दौर चलता रहा। पुलिस के अनुसार मामले में समझौते का प्रयास किया जा रहा है। यदि सहमति नहीं बनती है तो दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।इधर, पिता की अचानक मृत्यु के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार अब दुल्हन के बड़े भाई जाहिद पर अपनी बहन की शादी की जिम्मेदारी आ गई है। दुल्हन सदमे में है और परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।मौके पर मौलाना इरफानुल हक, सभासद असलम अंसारी, पूर्व बीडीसी सदस्य ताहिर, अराफात, बाबू प्रधान, नफीस अंसारी, मौलाना फरियाद आलम सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं क्षेत्र में दहेज प्रथा को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment