काशीपुर। बंद घरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक अन्तराज्यीय शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्रतार कर लाखों की चोरी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी गया सामान व नगदी को भी बरामद कर लिया है। बतादें कि मुरादाबाद रोड पर मेहरोत्रा हॉस्पिटल के पीछे साकेत नगर निवासी पीयूष चौहान पुत्र वीरेेंद्र सिंह बीती 8 मई को घर में ताला लगाकर परिवार सहित कहीं बाहर गये थे। इसी दौरान उनकी गैरमौजूदगी का लाभ उठाते हुए कुछ अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण व हजारों रूपये की नगदी चोरी कर ली थी। उनके वापस लौटने पर इस संबंध में उनके द्वारा बीती 11 मई को पुलिस में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करायी गई थी। पुलिस ने बंद घर में हुई चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्रधिकारी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में चोरी के अनावरण के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने चोरी के खुलासे के लिए करीब 150 से अधिकी सीसीटीवी कैमरों को खंगाल सर्विलांस एवं मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर बीती रात चैकिंग के दौरान ढेला पुल के पास से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्रतार किया। जिसकी पहचान उ-प्र- के जिला बिजनौर थाना नहटौर के ग्राम मूसेपुर पाडली निवासी सोनू शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में सोनू शर्मा ने पीयूष चौहान के बंद पड़े घर में चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने सोनू शर्मा की निशानदेही पर दो अदद पीली धातु की नग लगी हुई अंगुठियां, दो जोड़े सफेद धातु के बिछुए, एक कैसियो कंपनी की घड़ी व 34 हजार 600 रूपये की नगदी बरामद की है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सोनू शर्मा अन्तराज्यीय स्तर का चोर है। जिसके खिलाफ बिजनौर पुलिस में दो, नजीमाबाद पुलिस में दो व ऋषिकेश पुलिस में दो मुकदमें कुल छह मुकदमें दर्ज हैं जिनमें वह जेल जा चुका है। कोतवाल हरेन्द्र चौधरी ने बताया कि अभियुक्त सोनू शर्मा एक शातिर चोर है जो अक्सर बंद घरों की रैकी करने के बाद रात में मौका देखकर ताला तोड़कर घर में घुस जाता है और चोरी की घटना को अंजाम दे देता है। उन्होंने बताया कि गिरफ्रतार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही कर न्यायालय में पेश किया गया है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
