काशीपुर। बिहार निवासी समाजसेवी भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले को लेकर काशीपुर में लोगों में गहरा आक्रोश और दुख देखने को मिला। शहर के चैती चौराहे पर बड़ी संख्या में एकत्रित होकर लोगों ने नम आंखो से भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई। श्रद्धांजलि सभा में मौजूद लोगों ने कहा कि भरत तिवारी समाजसेवा के कार्यों से जुड़े हुए थे। उनकी मौत की खबर ने समाज को झकझोर कर रख दिया है। लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर आजाद हिन्द सेवा संस्थान काशीपुर के समाजसेवियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। संस्थान से जुड़े सदस्य लगातार 24 घंटे समाजसेवा एवं गौ-नंदी सेवा जैसे कार्यों में तत्पर रहते हैं। संस्थान की करीब 85 सदस्यों की टीम जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। वक्ताओं ने कहा कि सच्चाई सामने लाने के लिए मामले की पारदर्शी जांच जरूरी है, जिससे दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो सके। लोगों ने सरकार और प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की अपील की। इस दौरान लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर भरत तिवारी को याद किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। श्रद्धांजलि सभा में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इस मौके पर सत्येंद्र शर्मा, मुकेश, पवन, आर्यन, विकास, तरुण, दिनेश आदि उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
