रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर स्थित मोहान क्षेत्र में रविवार को बाघ के हमले से दहशत फैल गई। कुनखेत गांव के समीप घास काटने गई एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर घात लगाकर बैठे बाघ ने अचानक हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिसके बाद बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।जानकारी के अनुसार कुनखेत मोहान निवासी बसंती देवी (65), पत्नी बाली राम, रविवार को गांव के पास स्थित कुनखेत बैली रिसॉर्ट के समीप घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बाघ ने महिला के माथे और सिर पर पंजों से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।महिला की चीखें सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और अन्य लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों के शोर मचाने पर बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। यदि समय रहते ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था।घटना के बाद लहूलुहान हालत में बसंती देवी को तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए काशीपुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही कोसी क्षेत्र के रेंजर कृष्ण सिंह महरा वन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है तथा ग्रामीणों से जंगल के आसपास अकेले न जाने और विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।लगातार सामने आ रही मानव–वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं ने एक बार फिर वन क्षेत्र से सटे गांवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में बाघ की निगरानी बढ़ाने, नियमित गश्त कराने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
