उत्तराखंड में अगले 24 घंटे भारी, कई जिलों में मूसलाधार बारिश और बाढ़ का खतरा, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), देहरादून ने राज्य के विभिन्न जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश, बिजली चमकने, बाढ़ और भूस्खलन की आशंका जताते हुए चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार दोपहर से शुक्रवार, 31 जुलाई दोपहर तक राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसके मद्देनजर संबंधित जिला प्रशासनों को सतर्क रहने और सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।मौसम विभाग के अनुसार अल्मोड़ा, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके साथ ही गंगोत्री, यमुनोत्री, भटवाड़ी, हर्षिल, बड़कोट, त्यूणी, चकराता, प्रतापनगर, चंबा, विकासनगर, मसूरी, लच्छीवाला, रुड़की, लक्सर, देवप्रयाग, श्रीनगर, कोटद्वार, लैंसडाउन, चौखुटिया, रानीखेत, जागेश्वर धाम तथा आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है।इसके अलावा चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई इलाकों में अचानक बाढ़ आने का खतरा भी व्यक्त किया गया है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से पुरोला, चिन्यालीसौड़, सोनप्रयाग, कर्णप्रयाग, चुबटाखाल, कपकोट, बदियाकोट, मुनस्यारी और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।बुधवार को सुबह तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे, लेकिन दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। लगातार हुई वर्षा के कारण गंगा सहित राज्य की अधिकांश प्रमुख नदियां उफान पर आ गईं। कई स्थानों पर नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर को पार कर गया या उसके बेहद करीब पहुंच गया, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार खराब मौसम और लगातार हो रही बारिश के कारण चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से स्थगित रही। वहीं प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुए भूस्खलन के चलते 100 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। मौसम केंद्र के अनुसार फिलहाल राज्य में कुल 109 सड़कें अवरुद्ध हैं, जिन्हें खोलने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार राहत और बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए देहरादून समेत 10 जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं अत्यधिक वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।उधर पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है। ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जबकि कई स्थानों पर जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थिति बनी हुई है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रखते हुए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment