मुख्यमंत्री धामी ने की सीएम हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को जन शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का एक प्रभावी माध्यम है, इसलिए शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान पेयजल विभाग और जल जीवन मिशन से संबंधित बड़ी संख्या में प्राप्त शिकायतों पर उन्होंने नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर सभी लंबित शिकायतों का प्रभावी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट कहा कि यदि जन शिकायतों का समय पर समाधान नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना चाहिए।मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन-1905 पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में जिन अधिकारियों की कार्यवाही शून्य प्रतिशत है, उन्हें संबंधित विभागाध्यक्ष तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करें। यदि संबंधित अधिकारियों की ओर से संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनहित के सिद्धांतों पर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ जन समस्याओं का समाधान करें, ताकि लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment