कावड़ मेला शांतिपूर्ण संपन्न कराने को लेकर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस की अंतर्राज्यीय समन्वय गोष्ठी आयोजित

काशीपुर। कांवड़ मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश पुलिस की अंतर्राज्यीय समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। कोतवाली आईटीआई क्षेत्र स्थित आईजीएल गेस्ट हाउस में हुई बैठक में दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आपसी समन्वय को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की।बैठक में कांवड़ मार्गों पर बड़े वाहनों के संचालन, रूट डायवर्जन, सीमावर्ती क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा दोनों राज्यों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान पर सहमति बनी। यह भी तय किया गया कि उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा समाप्त होने के बाद उत्तर प्रदेश में 17 और 24 अगस्त को होने वाले जलाभिषेक कार्यक्रमों के दौरान भी बड़े वाहनों के आवागमन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।गोष्ठी में उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से ठाकुरद्वारा के क्षेत्रधिकारी आशीष प्रताप सिंह, अफजलगढ़ के क्षेत्रधिकारी आलोक सिंह, स्वार की क्षेत्रधिकारी सोनम सिंह तथा बिलासपुर की क्षेत्रधिकारी हर्षिता मौजूद रहीं। उत्तराखंड पुलिस की ओर से सीओ बाजपुर/काशीपुर अखिलेश कुमार सहित सीमावर्ती थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, सीपीयू कर्मी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के बाद सीओ अखिलेश कुमार ने सर्किल के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की ब्रीफिंग लेकर कांवड़ ड्यूटी से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों से शालीनता और विनम्रता से व्यवहार करने, आवश्यक उपकरणों के साथ ड्यूटी पर तैनात रहने, सड़क दुर्घटना अथवा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने तथा संवेदनशील स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती थानों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटते हुए कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment