काशीपुर। रामकथा के प्रति श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। रामनगर रोड स्थित श्रीरामलीला मैदान (हाल) में 4 अगस्त से चल रहे श्रीराम कथा गंगा प्रवाह में प्रतिदिन श्रोताओं की संख्या में वृद्धि हो रही है। शनिवार को करीब 70-80 पुरुष एवं महिला श्रद्धालु पहली बार कथा श्रवण के लिए पहुंचे। ऽास बात यह रही कि इनमें अधिकांश श्रद्धालु कथा शुरू होने के समय रात आठ बजे से करीब 5-10 मिनट पहले ही कथा स्थल पर पहुंच गए।पहली बार कथा सुनने पहुंचे रामभक्तों में हरिओम कपूर, सनत कुमार अग्रवाल, ओमकार शर्मा, दिनेश चंद्र, गोपाल सिंह सैनी, हरिओम प्रकाश अग्रवाल, संजय कुमार अग्रवाल, इंद्रमोहन, शोभित सर्राफ, शरद मित्तल, मोहित अग्रवाल, शोभित अग्रवाल, होरीलाल यादव, मुकेश कुमार व सुनील अग्रवाल आदि शामिल रहे। कथा के पांचवें दिन व्यास पूज्यपाद स्वामी बृजेश पाठक जी महाराज ने गोस्वामी तुलसीदास रचित श्रीरामचरितमानस के अयोध्या कांड में वर्णित मनुष्य को प्रकृति द्वारा प्रदान किए गए मस्तक, चरण, हाथ, कान और नाक आदि अंगों के सदुपयोग पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने भगवान श्रीराम के निवास के लिए बताए गए 14 स्थानों में से चौथे स्थान के विषय में भी श्रद्धालुओं को जानकारी दी। कथा के दौरान उन्होंने कहा कि किसी भी जप, तप या यज्ञ की सफलता अहंकार का त्याग किए बिना संभव नहीं है। श्रीरामलीला कमेटी काशीपुर के अध्यक्ष सुशील कुमार अग्रवाल ने श्रद्धालुओं से कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन रात आठ बजे से करीब 10 मिनट पूर्व कथा स्थल पर पहुंचने की अपील की।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
