काशीपुर। नगर क्षेत्र के आवास विकास, स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में विजयादशमी के अवसर पर मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भावपूर्ण विदाई दी गई। प्रातः कोलकाता से आए पुजारी द्वारा धार्मिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई गई। इसके पश्चात महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने दशमी की पुष्पांजलि अर्पित की। नैवेद्य एवं प्रसाद वितरण के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन की रस्म पूरी की गई।इस अवसर पर पूजा पंडाल में बंगाली परंपरा के अनुरूप महिलाओं द्वारा सिंदूर खेला उत्सव का आयोजन किया गया। महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर विजयादशमी की खुशियां मनाईं तथा मां दुर्गा से सुख, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। उत्सव के दौरान मां दुर्गा की विदाई के समय माहौल भावुक हो गया और श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां को विदा किया। पूजा कमेटी के प्रवक्ता संजय राय ने बताया कि धार्मिक परंपराओं के अनुसार सभी अनुष्ठान श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुए। दोपहर 12 बजे मां दुर्गा की प्रतिमा को गर्जिया ले जाकर कोसी नदी में विसर्जित किया गया। इस अवसर पर पूजा कमेटी के अध्यक्ष संजय राय के अतिरिक्त मानबेन्दु दास,अरुण सान्याल, संदीप बनर्जी, परितोष मजूमदार, संजीव राय, मृणाल घोष, डी.के. दास, डॉ. सुजॉय राय, अर्जुन सान्याल, प्रिया बनर्जी, सोनाली मजूमदार, तृप्ति राय, करूणा दास बिपाशा राय, सुष्मिता सान्याल, चायना दास सहित अनेक श्रद्धालु एवं कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
