देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश सरकार के पांच साल के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रमुख फैसलों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि यह रिपोर्ट कार्ड केवल उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और उत्तराखंड को सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प का दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2014 से उत्तराखंड में विकास कार्यों को नई गति मिली है। भाजपा ने अपने पिछले घोषणापत्र में किए गए अधिकांश वादे पूरे कर दिए हैं और शेष वादों को पूरा करने की दिशा में काम जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य की प्रगति को नई दिशा दे रहे हैं। वर्ष 2022 में प्रदेश की जनता ने हर चुनाव के बाद सरकार बदलने की परंपरा को तोड़ते हुए भाजपा को लगातार दूसरी बार सत्ता की जिम्मेदारी सौंपी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में युवाओं को रोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, बेहतर सड़कें, डिजिटल कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे का विकास शामिल है। उन्होंने दावा किया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से करीब 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सख्त नकलरोधी कानून लागू किया गया है। इस कानून में गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना के तहत 11 हजार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौरान सरकार की ओर से किए गए राहत कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में पर्यटन, परिवहन और सांस्कृतिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों के लिए 200 करोड़ रुपये का राहत पैकेज दिया गया था। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 205 करोड़ रुपये तथा स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 118 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान अपने माता-पिता दोनों को खोने वाले बच्चों के संरक्षण और सहायता के लिए मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना शुरू की गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखकर पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी शासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
