मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय सभागार में कौशल विकास विभाग से जुड़ी उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में संचालित कौशल विकास योजनाओं के अंतर्गत अब तक हुई कार्य प्रगति तथा स्किल प्राप्त युवाओं को फॉरवर्ड लिंकेज से जोड़ने के विषय पर विस्तृत समीक्षा की गई।समीक्षा के दौरान इस तथ्य पर गहन चर्चा हुई कि राज्य में आईटीआई एवं अन्य तकनीकी संस्थानों की संख्या बढ़ने और बड़ी संख्या में प्रशिक्षित युवा उपलब्ध होने के बावजूद उद्योगों में उनकी अपेक्षित प्लेसमेंट एवं संतोषजनक वेतन क्यों सुनिश्चित नहीं हो पा रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे विभागीय प्रबंधन, आपसी समन्वय और प्लेटफार्म स्तर पर मौजूद खामियों का संकेत बताया।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कौशल प्रशिक्षण को उद्योगों की वास्तविक आवश्यकता से जोड़ते हुए प्लेसमेंट आधारित मॉडल को और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल प्रशिक्षण देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं को रोजगार और उचित आय से जोड़ना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को उद्योगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, फॉरवर्ड लिंकेज की प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने तथा मॉनिटरिंग सिस्टम को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और शीघ्र सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment