नीट यूजी-2026 पेपर लीक मामले में राजस्थान एसओजी की बड़ी कार्रवाई, देहरादून से आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। राजस्थान में नीट यूजी-2026 परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी ने देहरादून से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान राजस्थान के झुंझुनूं निवासी राजेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले कई दिनों से देहरादून में छिपकर रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां मामले की गहराई से जांच में जुट गई हैं।जानकारी के अनुसार, राजस्थान एसओजी को जांच के दौरान इनपुट मिला था कि पेपर लीक प्रकरण में वांछित आरोपी देहरादून में मौजूद है। इसके बाद राजस्थान पुलिस ने देहरादून पुलिस से संपर्क कर आरोपी से जुड़ी अहम जानकारी साझा की। इनपुट मिलने के बाद देहरादून पुलिस ने डालनवाला थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी से कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाई गईं।एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि युवक को थाने लाकर पूछताछ की गई, जिसके बाद इसकी सूचना राजस्थान एसओजी को दी गई। रविवार को देहरादून पहुंची राजस्थान एसओजी टीम ने आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया और उसे अपने साथ राजस्थान ले गई। माना जा रहा है कि आरोपी से पूछताछ के बाद पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।गौरतलब है कि राजस्थान में नीट यूजी-2026 परीक्षा के पेपर लीक मामले ने शिक्षा जगत में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, सीकर में मिले एक कथित गेस पेपर के सौ से अधिक प्रश्न इस बार की नीट परीक्षा में पूछे गए थे। मामले की जांच कर रही राजस्थान एटीएस और एसओजी टीम अब तक झुंझुनूं सहित विभिन्न क्षेत्रों से 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। हालांकि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शुरुआती स्तर पर पेपर लीक की बात से इनकार किया है, लेकिन जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई हैं।देहरादून से हुई इस गिरफ्तारी के बाद मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं। जांच अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की निष्पक्षता से जुड़े इस संवेदनशील मामले में हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment