हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा में सफलता हासिल कर एसडीएम बनने वाली काजल सैनी की कहानी संघर्ष, मेहनत और परिवार के अटूट विश्वास की प्रेरणादायक मिसाल बन गई है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली काजल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है, जिन्होंने समाज की परंपरागत सोच से ऊपर उठकर बेटी की शिक्षा को प्राथमिकता दी और हमेशा उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र के सड़ौली गांव की रहने वाली काजल सैनी के पिता रामकुमार किसान हैं, जबकि उनकी मां राजदुलारी गृहिणी हैं। उनका छोटा भाई गुरमीत वर्तमान में डीएलएड की पढ़ाई कर रहा है। काजल ने अपनी शुरुआती शिक्षा राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, लंढौरा से प्राप्त की और 12वीं तक की पढ़ाई वहीं पूरी की। इसके बाद उन्होंने गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय से बीएएमएस की डिग्री हासिल की।काजल बताती हैं कि बचपन में उनके गांव के शिक्षक अमरनाथ उन्हें एसडीएम जैसे प्रशासनिक पदों के बारे में बताते थे। उस समय वह इन जिम्मेदारियों को पूरी तरह नहीं समझ पाती थीं, लेकिन धीरे-धीरे प्रशासनिक सेवा के प्रति उनका रुझान बढ़ता गया। बीएएमएस की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने महसूस किया कि उनका वास्तविक लक्ष्य चिकित्सा क्षेत्र नहीं, बल्कि प्रशासनिक सेवा है। इसके बाद उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी।सफलता का रास्ता आसान नहीं था। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। वर्ष 2021 में पीसीएस और लोअर पीसीएस परीक्षाओं में भी उन्हें निराशा हाथ लगी। हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास जारी रखे। उनकी मेहनत रंग लाई और अक्टूबर 2025 में उन्होंने सहायक समीक्षा अधिकारी (ARO) परीक्षा उत्तीर्ण कर सचिवालय में पदभार ग्रहण किया। वर्तमान में वह इसी पद पर कार्यरत हैं।लगातार संघर्ष और अथक परिश्रम के बाद अब काजल ने पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त कर एसडीएम बनने का सपना साकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि उनकी इस उपलब्धि के पीछे सबसे बड़ा योगदान उनके माता-पिता का है, जो हमेशा कहते थे कि “शादी तो बाद में भी हो जाएगी, पहले पढ़ाई पूरी करो और अपने सपनों को हासिल करो।”काजल की सफलता आज न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। उनकी यह उपलब्धि उन बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखती हैं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
