रुद्रपुर। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया का गणना प्रपत्र भरवाया गया। उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रुद्रपुर मनीष बिष्ट तथा बीएलओ दीपा आर्या ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया पूरी कराई।गणना प्रपत्र भरने के उपरांत जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जनपद के 1464 मतदेय स्थलों पर तैनात बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे तथा उन्हें भरवाकर वापस प्राप्त करेंगे।जिलाधिकारी ने कहा कि यह कार्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अपने घर पहुंचने वाले बीएलओ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं तथा गणना प्रपत्र भरने और जमा करने में पूर्ण सहयोग दें।उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसके सफल संचालन में आम जनता का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, तहसीलदार दिनेश कुटौला, सुपरवाइजर संजय कुमार वर्मा, आईटी अधिकारी पिंकी कौर, राजू पाल सहित निर्वाचन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
