काशीपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 5 जून को वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किए जाने के बाद काशीपुर-रामनगर मार्ग के निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। शनिवार को महापौर दीपक बाली ने रामनगर रोड स्थित आरओबी के निकट सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। लगभग 16 करोड़ 81 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 28 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण हॉट मिक्स तकनीक से किया जाएगा।लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी काशीपुर-रामनगर सड़क क्षेत्रवासियों और पर्यटकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। सड़क की खराब स्थिति के चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही थीं और लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। यही कारण था कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी।महापौर दीपक बाली ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर वह लगातार प्रयास कर रहे थे। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सड़क का एस्टीमेट तैयार करवाया और शासन को भेजा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति देने का अनुरोध किया था। उनके प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री ने 5 जून को इस परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास किया।महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जनहित से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से ही इस महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो सका है। उन्होंने काशीपुर और रामनगर क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी। साथ ही रामनगर और कॉर्बेट क्षेत्र की ओर जाने वाले पर्यटकों को भी आवागमन में राहत मिलेगी। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और अर्थव्यवस्था को भी लाभ होगा।निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एवं पार्षद विजय कुमार बॉबी, पार्षद दीपा पाठक तथा निर्माण कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एस.के. चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने भी सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
