डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने गिनाईं उपलब्धियां, मोदी सरकार के 12 वर्षों में ऊधम सिंह नगर बना विकास का मॉडल

देहरादून/रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने ऊधम सिंह नगर जनपद में हुए व्यापक विकास कार्यों और जनकल्याणकारी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते वर्षों में जनपद ने स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना, उद्योग, कृषि और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति हासिल की है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 10.78 लाख से अधिक लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया, जबकि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 10.74 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड जारी कर पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए तथा जल जीवन मिशन के माध्यम से लगभग 1.95 लाख घरों तक नल से जल पहुंचाया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से 97 हजार से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं, जबकि मुद्रा योजना के माध्यम से 92 हजार से अधिक लोगों को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, उज्ज्वला योजना और विभिन्न पेंशन योजनाओं के माध्यम से भी बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत ऊधम सिंह नगर को देश में प्रथम स्थान प्राप्त होना जनपद के लिए गर्व की बात है। स्वास्थ्य क्षेत्र में रुद्रपुर में 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का लोकार्पण हो चुका है, जबकि लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर की स्थापना की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है। जिलाधिकारी ने बताया कि पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे के विकास के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में निवेश, व्यापार और पर्यटन को नई गति मिलेगी। सड़क संपर्क के क्षेत्र में रुद्रपुर रिंग रोड, बाईपास परियोजनाएं और काशीपुर बाईपास जैसी योजनाएं यातायात व्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में बाजपुर और खटीमा में एकलव्य आवासीय विद्यालयों का निर्माण जनजातीय विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाएं लेकर आया है। औद्योगिक विकास को गति देते हुए खुरपिया-किच्छा में लगभग 6 हजार करोड़ रुपये की लागत से स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है, जिससे भविष्य में 75 हजार से अधिक रोजगार सृजित होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त सितारगंज में इंटीग्रेटेड एक्वा पार्क और काशीपुर में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर जैसी परियोजनाएं भी औद्योगिक विकास को नई दिशा दे रही हैं। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनपद ऊधम सिंह नगर में विकास और जनकल्याण की जो नई इबारत लिखी गई है, वह केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment