ऑपरेशन प्रहार के तहत काशीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हुक्का बार पर छापा, संचालक सहित 21 लोग गिरफ्तार

काशीपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध गतिविधियों और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए बाजपुर रोड स्थित मून साइन कैफे हुक्का बार पर छापेमारी कर संचालक सहित 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक काशीपुर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हुक्का बार में बड़ी संख्या में युवाओं को हुक्का पीते और हुड़दंग करते हुए पाया। जांच के दौरान हुक्का बार संचालक आसिफ पुत्र शेर खान हुक्का बार संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने संचालक के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया, जबकि सार्वजनिक स्थान पर हुक्का पीकर लोक अवदूषण फैलाने और शांति व्यवस्था भंग करने वाले अन्य 20 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान हुक्के और अन्य संबंधित सामग्री भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है। मामले की विस्तृत रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भी भेजी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध हुक्का बारों और नशे से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। काशीपुर पुलिस ने इस अवसर पर अभिभावकों और नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि हुक्का बारों की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं को धूम्रपान और नशे की ओर आकर्षित कर रही है, जिससे उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर और सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। पुलिस ने लोगों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने, उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि हुक्के की शुरुआत कई बार घातक नशों की ओर पहला कदम साबित होती है, इसलिए समाज के सहयोग से ही युवाओं को इस खतरे से बचाया जा सकता है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment