प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए मानक स्थापित किए : मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने सुशासन, जनकल्याण और विकास के नए मानक स्थापित किए हैं तथा देश अधिक आत्मविश्वासी, सुरक्षित और वैश्विक स्तर पर सम्मानित राष्ट्र के रूप में उभरा है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में जनता द्वारा लगातार भारतीय जनता पार्टी को मिला समर्थन इस बात का प्रमाण है कि देश अब केवल नारों पर नहीं बल्कि विकास कार्यों और परिणामों के आधार पर मतदान करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय अनेक योजनाएं केवल कागजों और फाइलों तक सीमित रह जाती थीं, जबकि वर्तमान सरकार उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड में चल रही विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने केदारनाथ और बदरीनाथ पुनर्विकास परियोजनाओं, चारधाम ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर को राज्य के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अब तक 35 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं, जबकि आदि कैलाश यात्रा के प्रति भी लोगों का आकर्षण तेजी से बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से 4.31 लाख करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाने तथा 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराने जैसे कदमों ने करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में 2.54 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में जहां देश में प्रतिदिन लगभग 11 किलोमीटर सड़क निर्माण होता था, वहीं अब यह आंकड़ा बढ़कर 34 किलोमीटर प्रतिदिन से अधिक हो गया है। उन्होंने अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर प्रतिबंध, यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली के विस्तार, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू करने तथा कोविड-19 महामारी के दौरान स्वदेशी वैक्सीन निर्माण को भी मोदी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों में शामिल किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और उत्तराखंड भी इस विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment