काशीपुर। भांजी के साथ छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म के प्रयास के मामले में प्रधान पति द्वारा समझौता कराने का दबाव बनाने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष के करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली कुंडा क्षेत्र के ग्राम सरवरखेड़ा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर देहर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी भांजी के साथ छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म के प्रयास के मामले में प्रधान पति द्वारा लगातार समझौता कराने का दबाव बनाया जा रहा था। विरोध करने पर बीती शाम उसके परिवार पर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ियों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। आरोप है कि इस दौरान प्रधान पति के परिवार के लोगों ने मोइनुद्दीन, वाजिद अली, आदिल, सुभान अली, फिरदोसी, अप्सरी सहित अन्य परिजनों के साथ मारपीट कर तथा कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए काशीपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष के अनुसार उसकी भांजी के साथ पूर्व में छेड़छाड़ एवं दुष्कर्म के प्रयास की घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दी गई थी, जिसकी जांच वर्तमान में प्रचलित है। आरोप है कि मामले को दबाने और समझौता कराने के लिए प्रधान पति की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था तथा पूर्व में जबरन हस्ताक्षर भी कराए गए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह हमला उनकी भांजी के मामले में जबरन समझौता कराने और परिवार को डराने-धमकाने के उद्देश्य से किया गया है। जिससे पूरे परिवार में भय का माहौल व्याप्त है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
