पंतनगर। नगला क्षेत्र में एक विवाहिता का शव घर के स्टोर रूम में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रुद्रपुर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रारंभिक तौर पर इसे घरेलू कलह से जोड़कर देखा जा रहा है।जानकारी के अनुसार बिहार की मूल निवासी तथा वर्तमान में नगला में किराये के मकान में रहने वाली 27 वर्षीय काजल पत्नी पवन कुमार अपने परिवार के साथ रहती थी। उसके पति पवन कुमार पंतनगर विश्वविद्यालय के सामान्य खंड में संविदा पर जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर कार्यरत हैं।बताया गया कि मंगलवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच पवन कुमार अपने माता-पिता के साथ बाहर गए हुए थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद थे। कुछ समय बाद परिजनों ने काजल को आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। काफी तलाश करने के बाद स्टोर रूम का दरवाजा बंद मिला। जब दरवाजा खोला गया तो काजल लाल रंग की रस्सी के सहारे एग्जॉस्ट फैन से लटकी हुई मिली।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने उसे नीचे उतारा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। स्टोर रूम की तलाशी के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए कमरे को सील कर दिया गया है।काजल को तत्काल जिला अस्पताल रुद्रपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि काजल की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और उसकी डेढ़ वर्ष की एक बेटी भी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
