क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल प्रकरण में बाल अधिकार आयोग सख्त, सुरक्षा मानक पूरे होने के बाद ही खुलेगा विद्यालय

रुद्रपुर। उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल से जुड़ी शिकायतों एवं विद्यालय को अचानक बंद किए जाने के मामले में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न निजी विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।बैठक के दौरान विद्यालय में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों की सुरक्षा, भवन की स्थिति, वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं सहित विद्यालय संचालन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि भवन की सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, पृथक फायर टैंक, वैध ऑक्युपेंसी प्रमाणपत्र, सुरक्षित पहुंच मार्ग तथा अन्य सभी सुरक्षा मानकों को पूरा करने के बाद ही विद्यालय का संचालन किया जाए। इन सभी व्यवस्थाओं का प्रमाण पत्र खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से मुख्य शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की सभी कमियों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने तथा उसकी रिपोर्ट निर्धारित समय सीमा में आयोग को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी पाए जाने पर विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों के शैक्षिक हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और उनकी पढ़ाई किसी भी परिस्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। विद्यालय प्रबंधन को सभी कमियों का शीघ्र निराकरण कर शासन एवं शिक्षा विभाग के नियमों के अनुरूप विद्यालय का संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।आयोग ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को 10 से 12 सदस्यों की संयुक्त निरीक्षण समिति गठित करने के निर्देश दिए, जिसमें जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग, श्रम विभाग, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। यह समिति जिले के सभी निजी विद्यालयों, अशासकीय विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों के सुरक्षा मानकों का निरीक्षण करेगी। इसके लिए जुलाई के दूसरे सप्ताह तक सभी विकासखंडों का निरीक्षण रोस्टर तैयार किया जाएगा।बैठक में विद्यालयों में शिकायत पेटिकाओं की नियमित निगरानी, नशा उन्मूलन जागरूकता अभियान, स्कूल परिवहन व्यवस्था में सुधार तथा विद्यालय प्रबंधन समितियों की अभिभावकों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, खंड शिक्षा अधिकारी सावेद आलम, भानु प्रताप कुशवाह सहित समग्र शिक्षा एवं शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment