देहरादून। उत्तराखंड परिवहन निगम जल्द ही यात्रियों के लिए एक नई डिजिटल सुविधा शुरू करने जा रहा है। अब रोडवेज बसों के टिकट व्हाट्सएप के माध्यम से भी बुक किए जा सकेंगे, जिससे यात्रियों को टिकट लेने के लिए काउंटर या अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मेट्रो सेवाओं की तर्ज पर शुरू की जा रही इस व्यवस्था का उद्देश्य टिकट बुकिंग प्रक्रिया को अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक बनाना है। परिवहन निगम इस योजना को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के सहयोग से विकसित कर रहा है।वर्तमान में उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रतिदिन औसतन 90 हजार यात्री सफर करते हैं। अभी तक यात्रियों के पास टिकट लेने के लिए ऑनलाइन बुकिंग या बस में परिचालक (कंडक्टर) से टिकट लेने का विकल्प ही उपलब्ध था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद निगम एक आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर जारी करेगा, जिस पर संदेश भेजते ही यात्रियों को यात्रा संबंधी जानकारी भरने का विकल्प मिलेगा। इसके बाद किराए के भुगतान के लिए क्यूआर कोड उपलब्ध कराया जाएगा। भुगतान पूरा होते ही यात्री के व्हाट्सएप पर क्यूआर आधारित ई-टिकट भेज दिया जाएगा, जिसे यात्रा के दौरान मान्य टिकट के रूप में इस्तेमाल किया जा सकेगा।परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि इस नई सुविधा से टिकट बुकिंग पूरी तरह डिजिटल और सरल होगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा, नकदी पर निर्भरता कम होगी और रोडवेज की सेवाएं अधिक आधुनिक एवं तकनीक आधारित बनेंगी। सरकार का प्रयास है कि सार्वजनिक परिवहन को डिजिटल सुविधाओं से जोड़कर यात्रियों को बेहतर और सहज यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जाए।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
