काशीपुर। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट वेलफेयर सोसायटी (रजि-) काशीपुर की नई त्रिवर्षीय कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। माता मंदिर रोड में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य चुनाव अधिकारी योगेंद्र मोहन सक्सैना ने बताया कि चार पदाधिकारियों और सात कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोसायटी में कुल 409 मतदाता हैं और चुनाव संबंधी सभी प्रक्रियाएं श्री रामलीला ग्राउंड में संपन्न होंगी। पदाधिकारी पद के लिए प्रत्याशी या उसकी फर्म के नाम पर कम से कम 10 वर्ष पुराना एवं वैध (नवीनीकृत) ड्रग लाइसेंस, जबकि कार्यकारिणी सदस्य के लिए 5 वर्ष पुराना एवं वैध ड्रग लाइसेंस अनिवार्य होगा।चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 18 जुलाई को नामांकन पत्रों का वितरण, 19 जुलाई को नामांकन, जांच और प्रारंभिक प्रत्याशी सूची का प्रकाशन होगा। 20 जुलाई को नाम वापसी के बाद अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी। 26 जुलाई (रविवार) को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान और शाम 4 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतदान के लिए 409 मतदाताओं को तीन कक्षों में विभाजित किया गया है तथा आधार कार्ड लाना अनिवार्य रहेगा। मुख्य चुनाव अधिकारी योगेंद्र मोहन सक्सैना ने मुकेश चावला और प्रियांशु बंसल को सहायक चुनाव अधिकारी नियुक्त करते हुए सभी सदस्यों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक चुनाव में सहभागिता की अपील की। प्रेस वार्ता में संजय ठाकुर, दीपक मित्तल, पूरन सिंह गोले, दीपक अग्रवाल, प्रदीप रस्तोगी, नृपेंद्र चौहान सहित सोसायटी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
