बाजपुर। ऊधम सिंह नगर के बाजपुर क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शुक्रवार सुबह घर के पास टहलने निकली 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला से दो अज्ञात बदमाशों ने करीब दो लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के कुंडल लूट लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की और उन्हें पास के खेत में घसीट ले गए। इसके बाद जबरन उनके कानों से सोने के कुंडल उतारकर मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में महिला को खेत में छोड़ दिया गया।जानकारी के अनुसार जमुना बाई (80 वर्ष), पत्नी रांझा राम, शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह घर के पास टहलने निकली थीं। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और कानों में पहने लगभग दो तोले वजनी सोने के कुंडल छीनने का प्रयास करने लगे। महिला द्वारा विरोध करने पर दोनों बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें खेत में ले जाकर जबरन कुंडल उतार लिए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।परिजनों ने बताया कि जमुना बाई पक्षाघात (लकवा) से पीड़ित हैं और बोल नहीं पातीं, इसलिए घटना के समय वह मदद के लिए आवाज भी नहीं लगा सकीं। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश में निकले, जहां वह खेत के पास घबराई हुई और घायल अवस्था में मिलीं। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही केलाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता व उनके परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आरोपियों की तलाश में क्षेत्रभर में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
