काशीपुर। निजी बसों के बढ़ते ग्राफ और बढ़ते वाहनों को देखते हुए जाम का खामियाजा आम लोगों को रोजाना जाम के रूप में भुगतना पड़ रहा है। हाईवे किनारे संचालित निजी बस स्टैंडों पर सड़क पर ही बसें खड़ी कर सवारियां चढ़ाने और उतारने से यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। शहर में रामनगर, मुरादाबाद, बाजपुर, जसपुर-धामपुर और अलीगंज रूट पर संचालित निजी बस स्टैंडों से प्रतिदिन 200 से अधिक निजी बसों का संचालन होता है। बस चालक और परिचालक सड़क किनारे ही बसें खड़ी कर सवारियां भरते हैं, जिससे मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बाधित होती है पुलिस-प्रशासन ने पहले इन बसों के लिए निर्धारित स्टॉपेज तय किए थे, लेकिन उनका प्रभावी पालन आज तक सुनिश्चित नहीं हो सका।इसका सीधा असर बाजपुर रोड, रामनगर रोड और मुरादाबाद रोड पर अक्सर लगने वाले जाम के रूप में देखने को मिलता है। कई बार बसों को शोरूमों और दुकानों के सामने खड़ा करने को लेकर व्यापारियों और बस चालकों के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई निजी बसें आधे-आधे घंटे तक हाईवे पर ऽड़ी रहती हैं, लेकिन उन्हें हटाने के लिए संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। उल्लेखनीय है कि करीब तीन वर्ष पहले प्रशासन ने निजी बस स्टैंडों के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, ताकि बसों का संचालन व्यवस्थित ढंग से हो सके। हालांकि अब तक इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हो सकी है। शहरवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द निजी बस स्टैंड की व्यवस्था कर जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाने की मांग की है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
