लोहाघाट। उत्तराखंड सरकार की महत्वाकांक्षी खेल परियोजनाओं में शामिल राज्य के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने लोहाघाट के सुंई छमनियां चौड़ स्थित निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय के भीतर पूर्ण किए जाएं।करीब 257 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस अत्याधुनिक महिला स्पोर्ट्स कॉलेज को अगस्त 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह संस्थान प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रावास (हॉस्टल) ब्लॉक, टाइप-2 एवं टाइप-3 आवासीय भवनों, वॉलीबॉल मैदान, फुटबॉल मैदान, मल्टीपर्पज हॉल सहित विभिन्न खेल अधोसंरचनाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, सुरक्षा मानकों, गुणवत्ता और शेष कार्यों की कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की।जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों, अभियंताओं एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि परियोजना की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि प्रदेश की बेटियों को शीघ्र ही आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त यह संस्थान उपलब्ध कराया जा सके।जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के विकास और महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण से न केवल उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी, बल्कि प्रदेश खेल शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
