:मेहनती युवाओं के भविष्य से समझौता नहीं, UTU पेपर लीक मामले में सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार; पुलिस कर रही गहन जांचदेहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदेश के मेहनती, ईमानदार और प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की परीक्षा अनियमितता, पेपर लीक या भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा, गोपनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इसी क्रम में दून पुलिस ने वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) की सम-सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विश्वविद्यालय प्रशासन की शिकायत और प्रारंभिक जांच के बाद की गई।जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि विगत 8 जुलाई को आयोजित परीक्षा से पहले आरोपी सहायक प्रोफेसर ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों को उसी प्रश्न बैंक के प्रश्न साझा किए थे, जिनसे बाद में वास्तविक प्रश्नपत्र तैयार किया गया था। जांच में इन प्रश्नों और परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों के बीच काफी समानता पाई गई।पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्न बैंक तक आरोपी की पहुंच कैसे हुई, क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल थे और कहीं यह किसी बड़े संगठित नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि युवाओं की मेहनत और विश्वास की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की पवित्रता बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनी रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
