काशीपुर। चीमा चौराहा रेलवे लाइन के पास कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच जब एक नशे में धुत युवक दोनों हाथों में बड़े धारदार हथियार लेकर लोगों को डराता और धमकाता हुआ घूमता दिखाई दिया। युवक की हरकतों से कॉलोनी के लोगों में भय फैल गया और कई लोग अपने घरों में दुबक गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से युवक को पकड़ने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी के बावजूद आरोपी युवक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। घटना के बाद कॉलोनीवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते युवक को नहीं पकड़ा गया तो भविष्य में कोई गंभीर घटना हो सकती है। वहीं, पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं कि मौके पर पहुंचने के बावजूद आरोपी को गिरफ्रतार क्यों नहीं किया जा सका। पुलिस का कहना है कि फरार युवक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्रतार कर लिया जाएगा। सवाल यह उठता है कि आतंक फैलाने वाले नशेड़ी युवक को पुलिस उसकी पहचान कर भले ही उसे गिरफ्रतार कर ले, परंतु पिछले लम्बे अर्से से चीमा रेलवे क्रॉसिंग के पास चल रहे इस अवैध नशे का धंधा व नशेड़ियों के जमावड़े पर कोई अंकुश लग पायेगा या नहीं यह भविष्य ही बतायेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
