कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर सीएम धामी की पहल, हरिद्वार के अस्पतालों को मिलेंगे आधुनिक चिकित्सा उपकरण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय परिसर से आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार के मेला चिकित्सालय एवं भूपतवाला चिकित्सालय के लिए चिकित्सा और स्वास्थ्य उपकरणों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कृषि उद्योग विकास परिषद की ओर से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत उपलब्ध कराए जा रहे इन उपकरणों का उद्देश्य कुंभ क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना और श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी कुंभ मेले में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं को सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को भी सुदृढ़ करना आवश्यक है। मेला चिकित्सालय और भूपतवाला चिकित्सालय के लिए उपलब्ध कराए जा रहे चिकित्सा उपकरण आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्राथमिक उपचार देने और श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री धामी ने कृषि उद्योग विकास परिषद की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि कुंभ जैसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने में सामाजिक संस्थाओं एवं विभिन्न संगठनों की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ सामाजिक संस्थाओं और संगठनों के सामूहिक प्रयासों से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की जा सकती हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन उपकरणों की उपलब्धता से कुंभ मेला-2027 के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी तथा श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment