इंडियन आइडल विजेता उत्तराखंड निवासी पवनदीप सड़क हादसे में घायल हो गए सीएम धामी ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की

काशीपुर। इंडियन आइडल विजेता पवनदीप की कार अमरोहा में कैंटर से जा टकराई। घटना के वक्त कार में पवनदीप और उनके दो साथी राहुल बोहरा और अजय मेहरा भी मौजूद थे। सभी को पहले आईसीयू में भर्ती करवाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद पवनदीप और उनके दो साथियों को दिल्ली रेफर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवनदीप के दुर्घटना में घायल होने की सूचना मिलने के बाद उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने इसको लेकर फेसबुक पोस्ट लिखने के साथ ही ट्वीट भी किया है। बता दें पवनदीप राजन उत्तराखंड के जनपद चम्पावत के रहने वाले हैं। पवनदीप राजन इंडियन आइडल 12 के विनर हैं। इंडियन आइडल 12 जीतने के बाद देशभर में पवनदीप राजन ने कई शोज किये। जिसके कारण देशभर में उनकी काफी फैनफॉलोइंग है। पवनदीप राजन उत्तराखंडी लोक, कला, संस्कृति को अक्सर प्रमोट करते दिखते हैं। पवनदीप 2015 में टीवी शो द वॉइस ऑफ इंडिया जीत चुके हैं। एक अन्य मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पवनदीप उत्तराखंड से नोएडा जाते समय सड़क हादसे में घायल हो गए। उनकी कार गजरौला में हाईवे किनारे खड़े कैंटर में पीछे से घुस गई। इस हादसे में उनके चालक राहुल सिंह और साथी अजय मेहरा भी घायल हुए हैं। तीनों को पुलिस ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सिंगर पवनदीप की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक बीती रविवार की रात पवनदीप अपने साथी अजय मेहरा के साथ घर से नोएडा जा रहे थे। इस दौरान उनकी कार को चालक राहुल सिंह चला रहा था। रात करीब ढाई बजे जैसे ही उनकी कार गजरौला थानाक्षेत्र में चौपला चौराहा ओवरब्रिज से नीचे उतरी तभी, हाईवे किनारे खड़े कैंटर में पीछे से घुस गई। हादसे में सिंगर पवनदीप उनके साथी अजय मेहरा और चालक राहुल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को कार से निकालकर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टर ने तीनों को मुरादाबाद के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए डिडौली में हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया। जानकारी मिलते ही सिंगर पवनदीप के परिजन अस्पताल पहुंच गए। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए अपने साथ नोएडा ले गए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक पवनदीप की दोनों टांगें फैक्चर हो गई हैं और उनके सिर में भी चोट लगी है। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment