देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में स्वर्गीय अंकिता भंडारी के माता-पिता ने भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रकरण से जुड़ी अपनी भावनाएं, पीड़ा और अपेक्षाएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने पूरे संवेदनशीलता के साथ उनकी बात सुनी और उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अंकिता भंडारी मामले में न्याय सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने परिवार को हर संभव सहयोग देने और उनकी मांगों पर विधि-सम्मत, निष्पक्ष एवं सकारात्मक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या समझौता नहीं करेगी।भेंट के बाद मुख्यमंत्री धामी ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि शासकीय आवास पर दिवंगत बेटी अंकिता के माता-पिता से मुलाकात हुई। इस दौरान उनके द्वारा रखी गई मांगों पर विधि-सम्मत, निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और अंकिता को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।इस मुलाकात को सरकार की संवेदनशीलता और पीड़ित परिवार के प्रति गंभीर रुख के रूप में देखा जा रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
